लोकसभा चुनाव के लिये भाजपा ने नई टीम मैदान में उतारी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कद और बढ़ा
लोकसभा चुनाव के लिये भाजपा ने कसी कमर
नड्डा ने टीम में यूपी के आठ लोग किये शामिल
डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं वाजपेयी
मेरठ शहर से कई बार के विधायक रहे लक्ष्मीकांत
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपनी नई टीम मैदान में उतार दी है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी टीम में यूपी के राज्य सभा सदस्य डा लक्ष्मीकांत वाजपेयी समेत आठ चेहरों को जगह दी है। वाजपेयी के साथ ही सांसद रेखा वर्मा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के जो केंद्रीय पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की है उनमें 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री, 1 राष्ट्रीय महामंत्री संगठन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, राष्ट्रीय सचिव सहित कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्ष शामिल हैं। मेरठ से पूर्व विधायक डॉ. लक्ष्मीकांत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाते हुए उनका कद और बढ़ा दिया है। वाजपेयी मेरठ शहर सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक रहे हैं। वह 2014 में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। साथ ही 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में चुनाव स्क्रीनिंग कमेटी में भी अहम पद पर रहे हैं। ब्राहमण चेहरा होने के नाते पिछले दिनों से डॉ. लक्ष्मीकांत का नाम मंत्रीमंडल विस्तार में चल रहा था। माना जा रहा था कि मंत्रीमंडल विस्तार के समय भाजपा डॉ. लक्ष्मीकांत को मंत्रीमंडल में स्थान दे सकती है।


हाल ही में विधान परिषद भेजे गए तारिक मंसूर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी फिर सौंपी गई है। गोरखपुर से कई बार विधायक रहे और अब राज्यसभा सदस्य राधा मोहन अग्रवाल को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। नई टीम में राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। यूपी सरकार में पूर्व वित्त मंत्री रहे राजेश अग्रवाल को एक बार फिर पार्टी ने कोषाध्यक्ष बनाया है। शिव प्रकाश को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री बनाया गया है।
follow us on 👇
फेसबुक -https://www.facebook.com/groups/480505783445020
ट्विटर -https://twitter.com/firstbytetv_
चैनल सब्सक्राइब करें – https://youtube.com/@firstbytetv
वेबसाइट -https://firstbytetv.com/
इंस्टाग्राम -https://www.instagram.com/firstbytetv/